विज्ञापन
Home  dharm  what is the religious and cultural significance of ganesh visarjan

Ganesh Visarjan 2025: गणेश विसर्जन का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व क्या है? जानें सही नियम

JeevanjaliPublished by:
नीरज पटेल
सार

Ganesh Visarjan Niyam: अगर आप गणेश विसर्जन की तैयारी में हैं तो सबसे पहले गणेश विसर्जन के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के बारे में जान लीजिए। गणेश विसर्जन के लिए सही नियम क्या हैं? आइए जानते हैं इस लेख में... 

गणेश विसर्जन का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व क्या है? जानें सही नियम
Ganesh Visarjan 2025 Importance: हिन्दू धर्म में गणेश उत्सव पूरे भारत में विशेष श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है। भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी से प्रारंभ होकर अनंत चतुर्दशी तक चलने वाले इस पर्व का समापन गणेश विसर्जन के साथ होता है। गणपति बप्पा की स्थापना जितनी भावनाओं से की जाती है, विसर्जन भी उतनी ही आस्था और भक्ति के साथ किया जाता है। आइए जानें कि गणेश विसर्जन का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व क्या है और इसे करने के सही नियम क्या हैं।

धार्मिक महत्व

गणेशजी को घर बुलाना उनके आशीर्वाद और कृपा का स्वागत करना है, वहीं विसर्जन यह स्मरण कराता है कि इस संसार में सब कुछ क्षणभंगुर है। मूर्ति का जल में विसर्जन इस बात का प्रतीक है कि सृष्टि पंचतत्व (जल, वायु, अग्नि, आकाश और पृथ्वी) से बनी है और अंततः इन्हीं में विलीन हो जाती है।


मान्यता है कि भगवान गणेश की स्थापना से लेकर विसर्जन तक, गणपति भक्त के घर में रहते हैं और जाते समय उसके सारे दुख और विघ्न साथ ले जाते हैं। जिस दिन विसर्जन होता है, वह अनंत चतुर्दशी कहलाती है। इस दिन भगवान विष्णु और गणेशजी की संयुक्त आराधना से असीम पुण्य की प्राप्ति होती है।

सांस्कृतिक महत्व

गणेश विसर्जन समाज में एकता, भाईचारा और सामूहिक उत्सव की भावना को प्रकट करता है। इस अवसर पर भव्य मूर्तियां, झांकियां, नृत्य और संगीत भारतीय कला और संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हैं। गणपति उत्सव लोक जीवन और धार्मिक परंपराओं का संगम है, जिसमें हर वर्ग और हर आयु के लोग भाग लेते हैं। विसर्जन यात्रा में होने वाला भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों की ध्वनि और जयकारे समाज में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

गणेश विसर्जन के सही नियम

  • विसर्जन से पूर्व गणपति बप्पा की विधिवत पूजा करें।
  • नारियल, पुष्प, दूर्वा, मोदक और पंचामृत अर्पित करें।
  • परिवार के सभी सदस्य बप्पा से क्षमा माँगें और उनसे आशीर्वाद प्राप्त करें।
  • विसर्जन के समय “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” का जयघोष करें।
  • मूर्ति को स्वच्छ और शुद्ध जल में विसर्जित करें। 
  • आज के समय में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए घर पर ही छोटे टब या कृत्रिम तालाब में विसर्जन करने की परंपरा भी अपनाई जा रही है।
  • विसर्जन के बाद प्रसाद और दान-दक्षिणा बांटना शुभ माना गया है। इससे लोगों की मनोकामनाएं जल्द पूरी होती हैं।

गणेश विसर्जन की मान्यता

गणेश विसर्जन हमें यह सीख मिलती है कि जीवन में हर मिलन का अंत विरह से होता है, परंतु आस्था और भक्ति का प्रवाह निरंतर बना रहता है। गणपति बप्पा के विसर्जन का अर्थ केवल मूर्ति को विदा करना नहीं, बल्कि यह भाव रखना है कि बप्पा ने हमारे जीवन से विघ्न दूर किए और अगले वर्ष फिर वे नव उत्साह और नव आशा के साथ हमारे घर पधारेंगे और जीवन में खुशियां प्रदान करेंगे। 

ये भी पढ़ें - भगवान गणेश और परशुराम के बीच क्यों हुआ था युद्ध, क्या थी वजह?

धार्मिक कहानियां सुनने और पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel