Vinayaka Chaturthi Puja: अगर आप विनायक चतुर्थी पर भगवान गणेश की कृपा प्राप्त करना चाहते हैं तो आपको इस मौके पर गरीबों और जरूरतमंद लोगों को दान करना चाहिए। इससे आपके जीवन में खुशहाली बनी रहती है और कष्टों से छुटकारा मिलता है।
Vinayaka Chaturthi 2025 Daan Importance: हिन्दू धर्म में विनायक चतुर्थी भगवान गणेश को समर्पित एक पवित्र दिन है, जो हर महीने शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन व्रत रखने और विधि-विधान से पूजा करने के साथ-साथ दान का भी विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि विनायक चतुर्थी पर कुछ चीजों का दान करने से भगवान गणेश प्रसन्न होते हैं और अपने भक्तों के जीवन से सभी विघ्न (बाधाएं) दूर करते हैं, जिससे जीवन में कोई दिक्कत नहीं आती है। इसके साथ ही जीवन में आने वाली मुसीबतों से छुटकारा मिलता है। आइए जानते हैं कि विनायक चतुर्थी के दिन किन चीजों का दान करना शुभ माना जाता है।
पंचांग के अनुसार, सावन माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि 27 जुलाई को देर रात 10 बजकर 41 मिनट पर शुरू होगी और 28 जुलाई को देर रात 11 बजकर 24 मिनट पर समाप्त होगी। उदयातिथि के अनुसार, विनायक चतुर्थी का 28 जुलाई को मनाया जाएगा।
इन चीजों का करें दान
मोदक या लड्डू का दान
भगवान गणेश को मोदक और लड्डू अत्यंत प्रिय हैं। उन्हें भोग लगाने के बाद इन मिठाइयों का दान करना बहुत शुभ माना जाता है। मोदक का दान करने से भगवान गणेश प्रसन्न होते हैं और आपके जीवन की सभी बाधाएं दूर होती हैं। यह ज्ञान, बुद्धि और समृद्धि लाता है।
दूर्वा का दान
गणेश जी को 21 दूर्वा की गांठें चढ़ाई जाती हैं, जो उन्हें बहुत प्रिय हैं। पूजा के बाद कुछ दूर्वा किसी मंदिर या गौशाला में दान करना शुभ होता है। दूर्वा का दान करने से गणेश जी का आशीर्वाद मिलता है और आपके सभी कार्य निर्विघ्न पूरे होते हैं।
वस्त्र का दान
भगवान गणेश को लाल रंग प्रिय है। इस दिन किसी जरूरतमंद या गरीब व्यक्ति को लाल या पीले रंग के वस्त्र दान करना शुभ माना जाता है। वस्त्र दान करने से ग्रहों के दोष शांत होते हैं और जीवन में मान-सम्मान व सुख-समृद्धि आती है।
अन्न का दान (चावल, गेहूं, दाल)
अन्न दान को महादान माना जाता है। विनायक चतुर्थी पर अपनी सामर्थ्य के अनुसार अनाज (जैसे चावल, गेहूं, दाल) का दान करना चाहिए। अन्न दान से घर में अन्न और धन की कमी नहीं होती। यह परिवार में खुशहाली और बरकत लाता है।
गुड़ और घी का दान
गुड़ और घी दोनों ही ऊर्जा और सकारात्मकता के प्रतीक हैं। इनका दान करने से मंगल होता है। गुड़ और घी का दान करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें दूर होती हैं।
गरीब बच्चों को शिक्षा सामग्री का दान
भगवान गणेश बुद्धि और ज्ञान के देवता हैं। इस दिन गरीब बच्चों को शिक्षा से जुड़ी सामग्री (जैसे किताबें, कॉपियां, पेंसिल) दान करना अत्यंत पुण्यदायी होता है। यह दान करने से गणेश जी विशेष रूप से प्रसन्न होते हैं और आपके बच्चों को भी विद्या व बुद्धि का आशीर्वाद मिलता है।
इन मंत्रों का करें जाप
गणेश मूल मंत्र: ॐ गं गणपतये नमः॥ (यह सबसे सरल और प्रभावी मंत्र है। इसका अधिक से अधिक जाप करें।)
वक्रतुंड महाकाय मंत्र: वक्रतुंड महाकाय सूर्यकोटि समप्रभ। निर्विघ्नं कुरु मे देव सर्वकार्येषु सर्वदा॥ (यह मंत्र सभी बाधाओं को दूर करने और कार्यों में सफलता के लिए जपा जाता है।)
गणेश गायत्री मंत्र: ॐ एकदन्ताय विद्महे वक्रतुण्डाय धीमहि। तन्नो दन्ति प्रचोदयात्॥ (यह ज्ञान और बुद्धि प्रदान करने वाला मंत्र है।)
दान करते समय इन बातों का रखें ध्यान
विनायक चतुर्थी के दिन दान हमेशा स्वच्छ मन और पूरी श्रद्धा के साथ करें। दान किसी जरूरतमंद व्यक्ति, ब्राह्मण या मंदिर में ही करें। यदि संभव हो तो दान गुप्त रूप से करें। इससे उसका फल कई गुना बढ़ जाता है। विनायक चतुर्थी के दिन इन चीजों का दान करने से भगवान गणेश की असीम कृपा प्राप्त होती है और वे आपके जीवन के सभी विघ्नों, बाधाओं और दिक्कतों को दूर करते हैं, जिससे जीवन खुशहाल और सफल बनता है और घर में सुख-समृद्धि का वास बना रहता है।